मध्य प्रदेश Info RSS Feeds

शहीदों को श्रद्धांजलि और समाजसेवियों का सम्मान:इंदौर में भगतसिंह, राजगुरु और सुखदेव की याद में कार्यक्रम, पांच विभूतियों को नवाजा

इंदौर में श्री गीता रामेश्वरम ट्रस्ट और नेताजी सुभाष मंच द्वारा शहीद दिवस पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भगतसिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि दी गई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल ने कहा कि इन शहीदों की कुर्बानी के कारण ही हम आज आजाद हवा में सांस ले रहे हैं। वरिष्ठ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बसंतीलाल पांडे ने कहा कि उनकी लड़ाई देश विरोधी ताकतों के खिलाफ थी। कार्यक्रम में पांच प्रमुख व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इनमें स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी नरेंद्र मिश्रीलाल गंगवाल, समाजसेविका अर्चना सक्सेना शर्मा, महू के नाट्यकार पवन निम और समाजसेवी संजय शर्मा शामिल थे। कार्यक्रम की शुरुआत में राष्ट्रीय देशभक्ति गीत गायक आफताब आलम कुरैशी और कविया यादव ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। मंच के अध्यक्ष मदन परमालिया ने कार्यक्रम का संचालन किया। कार्यक्रम के समापन पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व महाधिवक्ता आनंद मोहन माथुर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पूर्व डीआईजी धर्मेंद्र चौधरी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश की महत्ता को समझें और याद रखें कि लाखों बलिदानियों की कुर्बानी से हमें आजादी मिली है।

Sun, 23 Mar 2025 14:54:03 +0000

बारातियों पर मधुमक्खियों का हमला:बुरहानपुर के निंबोला में 15 लोग घायल, एक महिला की हालत गंभीर

बुरहानपुर जिले के निंबोला गांव में रविवार दोपहर मधुमक्खियों के हमले से अफरा-तफरी मच गई। महाराष्ट्र के यावल से आई बारात स्थानीय हाईस्कूल में ठहरी थी, जहां अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस घटना से बारातियों में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना में 15 लोग घायल, एक महिला की हालत गंभीर मधुमक्खियों के हमले में कुल 15 लोग घायल हुए। इसी दौरान खेत से लौट रही गांव की महिला भारती पति भागवत पाटील (35) भी चपेट में आ गईं। उनकी हालत गंभीर होने के चलते उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय चिकित्सक डॉ. विनोद चौधरी ने बताया कि 6 लोगों का इलाज उनके क्लिनिक में किया गया, जिनमें 2 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। अन्य घायलों ने बुरहानपुर के निजी अस्पतालों में इलाज कराया। पहले भी हो चुका है हमला यह पहली बार नहीं है जब इस हाईस्कूल में मधुमक्खियों ने हमला किया है। पिछले साल भी इसी स्थान पर विद्यार्थियों पर मधुमक्खियों का हमला हुआ था। आज हुए हमले में भी लोग जान बचाकर भागे।

Sun, 23 Mar 2025 14:54:02 +0000

भ्रष्टाचार के आरोप में फरार टीआई को अग्रिम जमानत:वकील के तर्क- आरोपी एएसआई से कोई लेना-देना नहीं; कार्रवाई कराई थी इस लिए फंसा दिया

भोपाल में फर्जी कॉल सेंटर संचालकों को बचाने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में अंडर ग्राउंड हुए टीआई जितेंद्र गढ़वाल को जबलुपर हाईकोर्ट ने बड़ी राहत दी है। उनकी जमानत को मंजूर कर लिया गया है। हाईकोर्ट जज मनिंदर एस भट्‌टी की कोर्ट ने उनको अग्रिम जमानत का लाभ दिया है। इधर केस के मुख्य आरोपी एएसआई पवन रघुवंशी अब भी फरार है। उसके साथ एएसआई मनोज सिंह और प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य आरोपी मोइन अंशुल पार्षद भी फरार हैं। बता दें कि पवन पर रिश्वत के 4.94 लाख रुपए घर में रखने के आरोप हैं। वह लाइन हाजिर होने के बाद भी अहम केसों की डायरियां अपने साथ ले गया था। उसका आचरण लगातार संदिग्ध था। कार्यवाहक निरीक्षक जितेंद्र गढ़वाल ने डीसीपी जोन-1 को गोपनीय पत्र के माध्यम से उसके संदिग्ध आचरण की जानकारी दी थी। इस आधार पर 28 फरवरी को उसे लाइन हाजिर किया गया। इसकी रिपोर्ट रोजनामचा में भी दर्ज की गई थी। उनके वकील की ओर से यह तमाम तर्क कोर्ट में दिए। जिसके आधार पर उन्हें जमानत का लाभ मिला। तत्काल डायरियां सौंपने का आदेश दिया था टीआई ने पवन को लाइन हाजिर किए जाने के बाद तत्काल प्रभाव से उसे अपने पास मौजूद तमाम केस डायरियों का चार्ज दूसरे को ट्रांसफर करने के आदेश दिए गए, लेकिन वह डायरियां अपने साथ लेकर चला गया। इन डायरियों में फर्जी कॉल सेंटर केस की डायरी भी मौजूद थी। इस बात की रिपोर्ट भी रोजनामचा में दर्ज है। सुबह तक जिस थाने में टीआई थे, शाम को वहीं केस दर्ज रिश्वत के इस मामले में टीआई जितेंद्र गढ़वाल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज है। खास बात यह है कि जिस ऐशबाग थाने में जितेंद्र गढ़वाल 5 मार्च सुबह 11 बजे तक बतौर टीआई पदस्थ थे, उसी थाने में उन पर एफआईआर दर्ज हुई। उनके साथ पवन रघुवंशी, प्रधान आरक्षक धर्मेंद्र और टीकमगढ़ से रिश्वत देने वाले अंशुल उर्फ मोना जैन को आरोपी बनाया गया है। ठगी के कॉल सेंटर के इसी मामले में कार्रवाई में लापरवाही को लेकर पुलिस ने ऐशबाग थाना टीआई जितेंद्र गढ़वाल सहित चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया था। पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्रा ने बताया कि चारों आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच चल रही है।

Sat, 22 Mar 2025 11:29:21 +0000

सरकारी कॉलेज में सार्थक एप से छात्रों की लगेगी हाजिरी:मंत्री परमार बोले- अधिक हाजिरी वाले स्टूडेंट्स को परीक्षा में मिलेगा क्रेडिट

मध्य प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में अब छात्रों की सार्थक एप से हाजिरी लगाई जाएगी। सार्थक एप में जिन छात्रों की उपस्थिति अधिक होगी, उन्हें परीक्षा परिणाम में अतिरिक्त क्रेडिट दिया जाएगा। जबकि कम उपस्थिति वाले छात्रों को कोई दंड नहीं मिलेगा, हालांकि इसका इसका असर उनके परीक्षा रिजल्ट पर पड़ेगा। शिक्षकों और स्टाफ की उपस्थिति भी इसी एप से दर्ज होगी। यह बात शाजापुर के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम में शनिवार को पहुंचे उच्च शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार ने कही है। मंत्री परमार बोले- महाविद्यालय की सभी जरूरतों को पूरा करेंगे कार्यक्रम के दौरान मंत्री परमार ने कहा शाजापुर के महाविद्यालय के नए भवन की स्वीकृति के साथ ही सभी जरूरतों को पूरा किया जाएगा। इसी तरह शाजापुर जिले के सभी महाविद्यालयों के विकास और नए विषय खोलने पर विचार किया जाएगा। जिले के सभी महाविद्यालय अच्छी स्थिति में आएंगे। जिला मुख्यालय स्थित कन्या महाविद्यालय को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शाजापुर में जोड़ने की स्थानीय विधायक भीमावद से सहमति मिल गई है। गैरहाजिर होने पर शिक्षकों के वेतन काटने की कार्रवाई होगी शाजापुर महाविद्यालय का विस्तार कर इसे 8 हजार छात्रों की क्षमता के लायक बनाएंगे। महाविद्यालय के लिए ऑडिटोरियम भी स्वीकृत किया जाएगा। उन्होंने कहा आने वाले शैक्षणिक वर्ष से प्राध्यापकों, अतिथि शिक्षकों सहित शासकीय सेवकों की उपस्थिति सार्थक एप्प से ली जाएगी। अनुपस्थिति पर वेतन काटने जैसी कार्रवाई होगी। इसी तरह विद्यार्थियों की उपस्थिति भी सार्थक एप्प से ली जायेगी, इससे परीक्षा परिणाम अच्छे आएंगे। अटेंडेंस लगाने से भूले तो रिमाइंड करेगा प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस बीकेएसएन महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. बीएस विभूति ने बताया कि सार्थक एप से फिलहाल अधिकारियों-कर्मचारियों की अटेंडेंस ली जा रही है। सार्थक एप इस तरह से विकसित किया गया है कि इसमें अटेंडेंस लगती है और कभी भूल जाएं तो रिमाइंड भी करता है। हम दूर जाकर भी इसको लगा सकते हैं। शासन की योजना है कि सार्थक की मदद से जो अटेंडेंस लगेगी उसके आधार पर वेतन निकाला जाएगा। यह ट्रॉयल बेस पर है। अभी इसे लागू नहीं किया गया है। सार्थक एप को शिक्षकों की सैलरी से भी जोड़ा जाएगा प्राचार्य विभूमित ने बताया कि मंत्री परमार का कहना था कि जिस तरह से शिक्षकों के लिए सार्थक एप अभी काम कर रहा है। बाद में इसको सैलरी से जोड़ा जाएगा। उसी तरह छात्रों के लिए भी आने वाले समय में लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रों को यदि कॉलेज लाना है तो उन्हें सार्थक से जोड़कर यह देखा जाएगा कि जो विद्यार्थी 100 प्रतिशत यहां आते हैं उन्हें सम्मानित किया जाएगा। शासन की जो भी योजना है, उसका भी लाभ उन्हें दिया जाएगा। हमारे विद्यालय में अभी थंब मशीन से अटेंडेंस लगाई जा रही है जो आधार बेस्ड है।

Sat, 22 Mar 2025 11:29:19 +0000

4 पुलिस अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां:मऊगंज की घटना के बाद रीवा में जिले में भी बदलाव का दौर जारी

मऊगंज की घटना के बाद रीवा में पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों को उनके मौजूदा प्रभार के साथ अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी हैं। यह कदम पुलिस की कार्यशैली में और अधिक कसावट लाने के उद्देश्य से उठाया गया है। नई व्यवस्था के तहत भोपाल से रीवा स्थानांतरित हुई सीएसपी डॉ. रितु उपाध्याय को महिला सुरक्षा शाखा का दायित्व दिया गया है। सीएसपी 2 शिवाली चतुर्वेदी को एसडीओपी अजाक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीएसपी हेडक्वार्टर हिमाली पाठक को डीएसपी यातायात का अतिरिक्त प्रभार मिला है। साथ ही, सिरमौर विभाग के एसडीओपी उमेश प्रजापति को एसडीओपी मनगवां का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। यह फेरबदल मऊगंज में हुई पुलिस कर्मियों पर पथराव और हिंसा की घटना के बाद किया गया है। इससे पहले मऊगंज के कलेक्टर अजय श्रीवास्तव और एसपी रसना ठाकुर का तबादला 24 घंटे के भीतर कर दिया गया था। इसी क्रम में रीवा में एक नई महिला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की भी नियुक्ति की गई है। सूत्रों के अनुसार, मऊगंज की घटना के मद्देनजर पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ये प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। इन बदलावों से पुलिस की कार्यक्षमता में सुधार की उम्मीद की जा रही है।

Fri, 21 Mar 2025 06:15:04 +0000

खंडवा कलेक्टर ने विश्वा कंपनी के मैनेजर को दी चेतावनी:बोले- किसी भी कारण से जलसंकट हुआ तो आपके खिलाफ FIR करेंगे

गर्मी के दौरान शहरी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को कलेक्टर ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक रखी गई। बैठक में महापौर अमृता यादव, आयुक्त प्रियंका राजावत और विश्वा कंपनी के प्रतिनिधि देवेंद्रसिंह मौजूद रहे। इस दौरान विश्वा कंपनी के प्रतिनिधि देवेंद्रसिंह को निर्देश दिए कि पानी का प्रेशर और सप्लाई उचित व पर्याप्त होनी चाहिए। साथ ही पानी की टंकियों का समय पर भराव सुनिश्चित किया जाए। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त नहीं होनी चाहिए। विश्वा कंपनी के कर्मचारी लोगों के कॉल समय पर रिसीव करें। एफआईआर करने की दी चेतावनी वहीं मैनेजर देवेंद्रसिंह को कहा कि किसी भी कारण से जल संकट होता है, तो इसकी जिम्मेदारी आपकी होगी और आपके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। सर्किट हाउस फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया बैठक के बाद महापौर अमृता यादव, एमआईसी सदस्य राजेश यादव एवं निगम आयुक्त सहित निगम अधिकारियों ने सर्किट हाउस फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जल प्रदाय व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।

Fri, 21 Mar 2025 06:15:04 +0000

बालाघाट में मां अन्नपूर्णा सुहागले का विशेष पूजन:ब्राह्मण महिलाओं ने की पति की दीर्घायु की प्रार्थना, गोद भराई के बाद लगाया सिंदूर

बालाघाट के नए राम मंदिर में 20 मार्च को एक विशेष धार्मिक आयोजन हुआ। नगर की ब्राह्मण महिलाओं ने मां अन्नपूर्णा सुहागले का पूजन किया। इस अवसर पर सभी महिलाएं लाल वस्त्र पहनकर पहुंचीं। उन्होंने माता को सुहाग की सामग्रियां और विभिन्न पकवानों का भोग अर्पित किया। महिलाओं ने सुहाग की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। पूज्य ब्राह्मण महिला मंडल की अध्यक्ष आरती शर्मा ने बताया कि यह महीना बहुत पावन माना जाता है। इस माह में मां अन्नपूर्णा सुहागले की विशेष पूजा की जाती है। पूजा के लिए कम से कम सात सुहागिन महिलाओं का होना जरूरी है। कार्यक्रम में सुहागिन महिलाओं की गोद भरी गई और मांग में सिंदूर भरा गया। इसके बाद कथा का वाचन किया गया और प्रसाद का वितरण हुआ। बड़ी संख्या में महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना में भाग लिया। ​​​​​

Thu, 20 Mar 2025 11:19:17 +0000

किचन में लगी आग:अमरकंटक हाईवे पर 3 घंटे तक रुका यातायात, दमकल की टीम ने पाया काबू

शहडोल में अमरकंटक स्टेट हाईवे के पास स्थित एक मकान के किचन में बीती रात भीषण आग लग गई। आशीष सोनी के मकान में लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। घटना बीती रात उस समय हुई जब महिलाएं किचन में खाना बना कर बाहर निकली थीं। अचानक किचन में आग लग गई। घर में मौजूद सभी लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचाई और बाहर निकल कर मदद की गुहार लगाई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि हाईवे पर चल रहे वाहन चालकों को अपने वाहन रोकने पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत धनपुरी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दमकल विभाग को बुलाया। धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह के अनुसार, दमकल कर्मियों ने लगभग 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मामले में आगजनी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Wed, 19 Mar 2025 06:16:26 +0000

दुष्कर्म का आरोपी तहसीलदार सस्पेंड:बैतूल करा लिया था ट्रांसफर, ज्वाइन नहीं किया; पुलिस नहीं कर पा रही गिरफ्तार

ग्वालियर में दुष्कर्म के आरोप में फरार पांच हजार के इनामी तहसीलदार शत्रुघन सिंह चौहान को अब सस्पेंड कर दिया गया है। इनामी तहसीलदार ने गुपचुप तरीके से पुलिस को भनक लगे बिना ग्वालियर से अपना तबादला बैतूल करा लिया था। लेकिन दो महीने बीत जाने के बाद बैतूल में ज्वाइन नहीं किया। जिस पर शासन ने बैतूल कलेक्टर से रिपोर्ट मांगी। इसके बाद बैतूल कलेक्टर की रिपोर्ट के बाद शासन द्वारा फरार तहसीलदार को सस्पेंड कर दिया गया है। दुष्कर्म के मामले में FIR दर्ज हुए दो महीने से ज्यादा का समय बीत गया है, लेकिन अभी तक ग्वालियर की महिला थाना पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पा रही है। जबकि दुष्कर्म पीड़िता को पुलिस हर दिन बयान या अन्य किसी कारण से परेशान कर रही है। पीड़िता का आरोप है कि तहसीलदार उसके गांव में जाकर पिता व भाई को परेशान कर रहा है। 2010 में मंदिर में सिंदूर भरकर शादी की भिंड की मूल निवासी दुष्कर्म पीड़ित महिला फिलहाल ग्वालियर के थाटीपुर में रह रही है। पुलिस को उसने बताया कि 2005-06 में उसकी शादी हुई थी। दो साल बाद पति का देहांत हो गया। तहसीलदार शत्रुघन सिंह चौहान का उसके जेठ के पास आना-जाना था। महिला का आरोप है कि 10 अगस्त 2008 को भिंड के मानगढ़ गांव में रात 10:30 बजे तहसीलदार शत्रुघन सिंह चौहान ने शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाए। इसी साल वह नायब तहसीलदार बने। इसके बाद वह लगातार उसका शारीरिक शोषण करते रहे। 2010 में रतनगढ़ माता मंदिर में सिंदूर भरकर शादी की। जहां भी उनकी पोस्टिंग हुई, उन्होंने उसे वहां रखा। महिला का कहना है कि 2014 में उसके बेटे का जन्म हुआ, जिसका डीएनए टेस्ट कभी भी कराया जा सकता है। विरोध किया तो की मारपीट महिला ने बताया कि तहसीलदार की चार पत्नियां हैं। जब उसे इसकी जानकारी हुई और उसने विरोध किया तो तहसीलदार ने उससे मारपीट की। बात करना बंद कर दिया। वे उसका पैसा और गहने भी लेकर चले गए। 2 जनवरी 2025 को शाम 6-7 बजे के बीच तहसीलदार ने उसके घर आकर दुर्व्यवहार करने की कोशिश की लेकिन उसने उन्हें धक्का देकर भगा दिया। महिला का कहना है कि उसने दिसंबर में ही मामले की शिकायत महिला थाना में की थी लेकिन एफआईआर 15 जनवरी की रात दर्ज की गई। FIR के तीन दिन बाद करा लिया था ट्रांसफर दुष्कर्म के आरोप में फरार तहसीलदार शत्रुघन सिंह चौहान ने 15 जनवरी 2025 को मामला दर्ज होते ही तीन दिन बाद अपना ट्रांसफर करा लिया था। हालांकि ट्रांसफर शासन स्तर पर सिर्फ उसका ही हुआ था। उसे ग्वालियर से बैतूल भेजा गया था। यह बात जिला प्रशासन ने पुलिस प्रशासन से शेयर भी नहीं की, जबकि आरोपी तहसीलदार पांच हजार का इनामी है। जब आरोप लगा था तो शत्रुघन सिंह चौहान ग्वालियर के भितरवार तहसील में बतौर तहसीलदार पदस्थ थे। आरोप के तत्काल बाद उनको राजस्व कार्यालय में अटैच किया गया था। पर यहां उन्होंने ज्वाइन नहीं किया था। बैतूल कलेक्टर की रिपोर्ट पर किया गया सस्पेंड पांच हजार के इनामी आरोपी तहसीलदार शत्रुघन सिंह चौहान ने गुपचुप ढंग से अपना ट्रांसफर तो करा लिया, लेकिन गिरफ्तारी के डर से उसने बैतूल में ज्वाइन नहीं किया। लगातार फरार होने पर शासन ने बैतूल कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी से इस मामले में रिपोर्ट मांगी। कलेक्टर बैतूल की रिपोर्ट पर शासन से शत्रुघन सिंह चौहान को सस्पेंड कर दिया गया है। सेशन कोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक जमानत याचिका हो चुकी है खारिज ग्वालियर में दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद तहसीलदार शत्रुघन सिंह चौहान ने पहले जिला एवं सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन लगाया था, जिसको सेशन कोर्ट ने खारिज कर दिया था। इसके बाद तहसीलदार चौहान ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई, लेकिन वहां से भी अग्रिम जमानत का आवेदन खारिज हो गया। जिसके बाद पुलिस ने फरार तहसीलदार पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद फरार तहसीलदार ने सुप्रीम कोर्ट में भी जमानत के लिए आवेदन किया। वहां से भी उसे राहत नहीं मिली थी। अब उस पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। पुलिस को नहीं मिल रहा फरार तहसीलदार यह मामला महिला थाना प्रभारी दीप्ति सिंह तोमर के पास है। उनका कहना है कि वह फरार तहसीलदार की तलाश में लगी हैं, लेकिन वो हाथ नहीं आ रहा है। पुलिस लगातार आरोपी को गिरफ्तार करने में फेल हो रही है।

Wed, 19 Mar 2025 06:16:26 +0000

इंदौर में विधवा बहन के साथ भाई ने की धोखाधड़ी:मां का मकान फर्जी वसीयत बनाकर हड़पा; शिकायत के बाद एफआईआर

इंदौर के एरोड्रम में रहने वाली एक विधवा महिला की शिकायत पर उसके भाई के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में केस दर्ज किया है। महिला के मुताबिक, मां की संपत्ति के मकान को लेकर भाई ने फर्जी दस्तावेज बनाकर उसके साथ धोखाधड़ी की है। एरोड्रम पुलिस के मुताबिक, पूजा अवस्थी निवासी आईडीए मल्टी की शिकायत पर उसके भाई अमित अवस्थी निवासी चौरसिया नगर एयरपोर्ट रोड और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज के माध्यम से धोखाधड़ी किए जाने के मामले में केस दर्ज किया है। पूजा अवस्थी ने बताया कि, उनकी मां शंकुतला ने एक रजिस्टर्ड वसीयत बनाई। जिसमें चौरसिया नगर का मकान उसके नाम किया था। इसमें सगे भाई अमित ने फर्जी शपथ पत्र और डॉक्यूमेंट बनवाकर मकान अपने नाम करवा लिया। इस मामले में पूजा ने अधिकारियों से भी शिकायत की थी। जांच के बाद पुलिस ने उसके भाई और दस्तावेज बनाने वाले व्यक्ति को आरोपी बनाया है। पुलिस के मुताबिक, अमित ने किन लोगों के माध्यम से दस्तावेज बनवाए थे। इसकी जांच की जा रही है।

Tue, 18 Mar 2025 12:03:20 +0000