मुरैना में घुमंतू समाज का चल समारोह निकला:बांस पर युवक के पारंपरिक नृत्य ने आकर्षित किया, महिलाओं ने भी दी रंगारंग प्रस्तुति
Morena

मुरैना शहर के टाउन हॉल में घुमंतू समाज का सामाजिक सम्मेलन रविवार को हुआ। इसमें घुमंतू समाज की आठ प्रजातियों के 1200 लोगों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक रघुराज कंसाना सहित भाजपा पदाधिकारी शामिल हुए। सम्मेलन में शामिल हुई घुमंतू प्रजातियों में सहरिया, लौहपीटा, सपेरा सहित अन्य जातियां शामिल हैं। बता दें कि इस कार्यक्रम के लिए विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध घुमंतू समाज विकास समिति मध्य प्रदेश ने पूरे जिले में सर्वे किया गया था। कार्यक्रम में घुमंतू समाजजनों को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों ने सरकार द्वारा उन्हें दी जाने वाली योजनाओं के बारे में बताया। इस दौरान घुमंतू समाज की महिलाओं व पुरुषों ने मंच पर रंगारंग प्रस्तुति दी। घोड़े व रथों पर निकल गया चल समारोह टाउन हॉल में कार्यक्रम के बाद घुमंतू समाज का चल समारोह निकाला गया। जिसमें सबसे आगे घोड़े पर सवार युवक थे। उनके हाथों में पताका थी। पीछे बैनर लिए महिला व पुरुष चल रहे थे। समारोह पूरे शहर में घूमा। कार्यक्रम के दौरान घुमंतू समाज के एक युवक ने बांस पर पारंपरिक नृत्य किया, जो वहां मौजूद लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना। इस युवक ने पहले टाउन हॉल और फिर चल समारोह में नृत्य किया। इस मौके पर सांसद शिवमंगल सिंह तोमर एवं अखिल भारतीय घुमंतू समाज के कार्य प्रमुख दुर्गादास ने समाज के लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ देने के लिए आश्वासन दिया गया है। देखिए तस्वीरें...