मंडला जिला अस्पताल में रेन बसेरा का शुभारंभ:मरीजों के परिजनों के लिए बिस्तर, कंबल और चूल्हा उपलब्ध, मंत्री संपतिया उइके ने की पहल की सराहना
Rain shelter inaugurated in Mandla District Hospital

रविवार रात मंडला जिला अस्पताल में रेन बसेरा, कंबल बैंक और साझा चूल्हा का विधिवत शुभारंभ किया गया। पीएचई मंत्री संपतिया उइके ने अस्पताल परिसर में जनसहयोग से निर्मित रेन बसेरा का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस सुविधा के तहत अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों के लिए बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। ठंड से बचने के लिए कंबल उपलब्ध कराए गए हैं और भोजन पकाने के लिए साझा चूल्हे लगाए गए हैं। मंडला जिला अस्पताल में जिले भर से लोग इलाज के लिए आते हैं। परिजनों के ठहरने की कोई विशेष व्यवस्था नहीं होने के कारण वे अस्पताल के वार्ड या गैलरी में सोने को मजबूर होते थे, जिससे मरीजों और अन्य लोगों को असुविधा होती थी। ठंड से बचने के लिए कंबल बैंक की सुविधा शुरू इस समस्या के समाधान के लिए कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने अस्पताल परिसर के एक हिस्से की सफाई कराकर जन सहयोग से कुछ बिस्तरों की व्यवस्था कराई। इसके साथ ही एक कंबल बैंक की शुरुआत की गई, जहां दूरदराज से आए लोग कंबल का उपयोग कर सकते हैं और वापस जमा कर सकते हैं। भोजन पकाने के लिए साझा चूल्हों की व्यवस्था भी की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को मिलेगी राहत इस अवसर पर पीएचई मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिला प्रशासन की यह नई पहल जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इससे जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों के परिजनों को ठहरने और भोजन बनाने की सुविधाएं मिलेंगी। उपस्थित गणमान्य व्यक्ति इस कार्यक्रम में एसपी रजत सकलेचा, सीईओ श्रेयांस कूमठ, सीएमएचओ डॉ. सरोते, सीएस डॉ. विजय धुर्वे, जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा, नपा अध्यक्ष विनोद कछवाहा, सीएमओ गजानन नफड़े, डॉ. प्रवीण उइके सहित अन्य प्रमुख व्यक्ति उपस्थित रहे।